NEWS

अधूरा नक्शा दिखाने पर बीबीसी ने मांगी माफी

Indian Map

लंदन, ब्रिटेन की प्रमुख समाचार प्रसारण कम्पनी बीबीसी ने भारत का अधूरा नक्शा दिखाने पर गत दिवस माफी मांगी और कहा कि उसने गलती से एक अधूरे नक्शे का इस्तेमाल किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर की सीमाएं पूरी तरह से गायब थी। बीबीसी के प्रवक्ता ने कहा कि यह गलती सुधार ली गई है तथा अगर कोई अपराध हुआ हो उसके लिए हम माफी मांगते हैं।

इस मामले को लेकर ब्रिटेन की लेबर पार्टी के सांसद वीरेंद्र शर्मा ने इस बारे में एक औपचारिक शिकायत पत्र दिया था, जिसके बाद बीबीसी ने यह कदम उठाया।

एक वीडियो प्रसारण में अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के बारे में एक कार्यक्रम ”अमेरिकी चुनाव 2020ः दुनियाभर के देश जो बाइडन से क्या चाहते हैं” चलाया जा रहा था, जिसमें भारत का नक्शा दर्शाते वक्त केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की सरहदें गायब थी।

भारत-ब्रिटिश सर्वदलीय संसदीय समूह के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने अपनी शिकायत में इसे गंभीर अपमान बताया तथा उन्होंने कहा कि यह भारत और ब्रिटेन में रह रहे लाखों भारतीयों का अपमान है। श्री शर्मा ने बीबीसी के महानिदेशक टिम डेवी को लिखे पत्र में इस बारे में उनसे स्पष्टीकरण मांगा था।