स्वस्थ सुन्दर बालों की देखभाल

स्वस्थ, घने ‘काले’ लम्बे बाल हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हैं परन्तु आजकल बालों का झड़ना एक आम समस्या बनता जा रहा है। बालों का थोड़ा बहुत झड़ना तो प्राकृतिक ही है पर कभी-कभी यह झड़ना इतना अधिक हो जाता है कि बाल पतले हो कर अपनी चमक खोते जाते हैं। बालों के झड़ने के कई कारण होे सकते हंै जैसे हार्मोन्स में परिवर्तन, सही भोजन न लेना, तनाव, बुखार, डायटिंग, प्रदूषण आदि।
साधारणतः प्रतिदिन 70-140 बाल गिरते हैं। इससे अधिक बालों का गिरना ठीक नहीं है। पोषक तत्व जैसे आयरन, विटामिन बी 12, जिंक आदि की कमी के कारण भी बालों का झड़ना पाया जा सकता है, इसलिए अगर आप सही मात्रा में आयरन नहीं ले रहे हैं तो अपने भोजन में आयरन के उत्तम स्रोतों जैसे आड़ू, मीट, अखरोट, अंडे का पीला भाग, मेवा, हरी सब्जियों का सेवन करें। जिंक के अच्दे स्रोत हैं मीट, मछली, मशरूम, दूध आदि। विटामिन बी 12 की पूर्ति के लिए मीट, अंडे और डेयरी प्रोडक्टस का सेवन करें।
गलत धारणाः
कई लोगों की यह धारणा है कि बालों को अधिक धोने से बाल अधिक झड़ते हैं पर ऐसा नहीं है। बालों को धोने का बालों के झड़ने से संबंध नहंीं है। बालों पर कंघी करते समय नरम हाथों से कंघी करें और गीले बालों को छुड़ाते समय हमेशा मोटे दांतों वाली कंघी का प्रयोग करें। बालों की समय-समय पर ट्रिमिंग कराती रहें। इससे आपके बाल घने नजर आएंगे और आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। ट्रिमिंग कराने से बाल तेजी से नहीं बढ़ते। इससे सिर्फ आपको दोमुंहे बालों से छुटकारा मिल जाता है और बाल थोड़े छोटे और बराबर हो जाते हैं जिससे वे अच्छे दिखते हैं।
बालों की मालिश करेंः
बालों की सप्ताह में एक बार तेल से अवश्य मालिश करें। इससे बालों का रूखापन कम होगा, बालों में चमक आएगी व उनका पोषण होगा। मालिश के लिए जैतून, नारियल या सरसों के तेल का प्रयोग करें। तेल से मालिश करने के दो घंटे पश्चात् बालों को धो लें। मालिश से बालों में मजबूती भी आती है।
साबुन से न धोयेंः
बालों को साबुन से कतई न धोएं। किसी अच्छे शैम्पू का प्रयोग करें और बालों के प्रकार को ध्यान में रखते हुए शैम्पू का चयन करें। शैम्पू के प्रयोग के पश्चात् कंडीशनर का प्रयोग अवश्य करें। यह बालों की खोयी हुई चमक को वापिस लौटाता है। बालों पर कम से कम रसायनिक सौंदर्य प्रसाधनों का प्रयोग करें क्योंकि इनमें जो रसायन मिले होते हैं, वे बालों को क्षति पहुंचा सकते हैं।
अल्ट्रावायलट किरणों से बचाएंः
गर्मी हो या सर्दी, बालों को सूर्य की अल्ट्रावायलट किरणों से बचाएं। ये भी बालों को क्षति पहुंचाती हैं। बालों का झड़ना अगर बहुत अधिक है तो स्वयं घरेलू उपायों को अपनाने की बजाय डाॅक्टर से सम्पर्क करें और बालों के झड़ने के कारण को जान उन्हें दूर करने का प्रयास करें।

