अब रेलवे करवायेगा ज्योतिर्लिंगों की यात्रा

नई दिल्ली, अभी तक आपने ज्योतिर्लिंगों के दर्शन नहीं किए हैं तो घबराने की कोई बात नहीं, बस तैयार हो जाइए। भारतीय रेलवे ने आपको 4 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने के लिए विशेष पैकेज तैयार कर लिया है।
इसमें गुजरात के द्वारका स्थित नागेश्वर एवं सोमनाथ, ओंकारेश्वर, उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर शामिल हैं। इसकी व्यवस्था भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आई.आर. सी.टी.सी.) कर रहा है। इसकी शुरूआत 27 जनवरी, 2021 को जालंधर से होगी। यह यात्रा 27 जनवरी को जालंधर से शुरू होकर लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत के रास्ते दिल्ली, रेवाड़ी, अलवर, जयपुर होते हुए 7 रात 8 दिन की अवधि में पर्यटकों को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, नागेश्वर एवं सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारकाधीश मंदिर और साबरमती आश्रम के दर्शन कराएगी।
विशेष पर्यटक ट्रेन में कुल 10 डिब्बे होंगे, जिसमें 5 वातानुकूलित शयनयान एवं 5 साधारण शयनयान श्रेणी के डिब्बे होंगे। वातानुकूलित शयनयान श्रेणी में प्रति व्यक्ति किराया 12,600 रुपए एवं साधारण शयनयान श्रेणी में प्रति व्यक्ति किराया 7560 रुपए निर्धारित किया गया है। यात्रियों को शुद्ध शाकाहारी भोजन, होटल (वातानुकूलित शयनयान श्रेणी हेतु) धर्मशाला (साधारण शयनयान श्रेणी हेतु) में रहने की व्यवस्था, घूमने के लिए पर्यटक बसों की व्यवस्था भी आई.आर.सी. टी.सी. द्वारा की जाएगी। इसके अलावा आई.आर.सी.टी.सी. एक अनुभवी टूर मैनेजर भी यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए साथ में भेजेगी।
इस टूर की बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगी। अधिक जानकारी अथवा बुकिंग आई.आर.सी.टी.सी. से ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा आई.आर.सी.टी.सी. के लखनऊ, आगरा, दिल्ली, जयपुर, वाराणसी, चंडीगढ़ कार्यालय से भी बुकिंग कराई जा सकती है।

