अपने होंठों को सुंदर बनायें

चेहरे के सभी अंगों की अपनी-अपनी विशेषताएं हैं किन्तु हांेठों का इनमें विशेष स्थान है। ये चेहरे की सुंदरता के केंद्र होते हैं। नर्म, कोमल, लालिमायुक्त तथा मध्यम मोटाई लिए सुडौल होंठ चेहरे की सुन्दरता में चार चांद लगाते हैं। सौन्दर्यशास्त्रिायों ने तो इनके महत्त्व की स्पष्ट घोषणा करते हुए कहा कि सुंदर सुडौल होंठों के बिना किसी सुंदर चेहरे की कल्पना भी असंभव है।
जिस प्रकार अच्छे स्वस्थ, सुडौल, लाल होंठ चेहरे की सुंदरता बढ़ाते हैं, उसी तरह सूखे, पपड़ीले और बेढंगे होंठ चेहरे की सुंदरता व आकर्षण घटाते हैं। अपने चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए होंठों को स्वस्थ, सुंदर, कोमल, सुडौल व सरस बनाना आवश्यक है।
नींबू, गुलाबजल व ग्लिसरीन का मिश्रण लगाएंः
जाड़े के दिनों में प्रायः ठण्डी हवा चलने से होंठ फट जाते हैं। अतः इन्हें फटने से बचाने के लिए सोते समय नींबू, गुलाबजल व ग्लिसरीन का मिश्रण लगाएं। शहद में गाय का शुद्ध घी और गुलाब जल मिलाकर हांेठों पर लगाने से होंठ सुंदर व सुडौल रहते हैं। यदि होंठ बराबर सूखते हैं तो कभी-कभी मलाई अथवा स्वच्छ दूध को रूई में भिगोकर होंठों पर लगाइए।

होंठों का झुर्रियों से बचाव करेः
बहुत सी महिलाओं के हांेठों में झुर्रियां पड़ जाती हैं। इनको दूर करने के लिए मक्खन अथवा ग्लिसरीन को हांेठों पर फिराने से होंठों की खुश्की समाप्त हो जाती है। नमक और शहद मिलाकर लगाने से भी इसमें लाभ मिलता है। होंठों का खुरदरापन अथवा फटना लिपस्टिक लगाने से भी बंद हो जाता है किंतु ध्यान रखें लिपस्टिक लगाने से पूर्व होंठों पर हल्का-सा मक्खन लगाकर पोंछ दें।
सरसांे का तेल भी है फायदेमंदः
रात्रि में सोते वक्त नाभि व नाक में कुछ दिन नियमित रूप से दो बूंद शुद्ध सरसों तेल डालने से भी होंठों का सूखना व फटना बंद हो जाता है। कभी-कभी होंठों में कालापन आ जाता है। गुलाब की पत्तियों को पीसकर होंठों पर लगाने से उसकी कालिमा दूर हो जाती है।
गुलाब की पत्तियांः
लाल गुलाब की पत्तियों को मक्खन के साथ मिलाकर होंठों पर लगाने से होंठ काफी मनमोहक बन जाते हैं। मलाई या दही को थोड़ा गुनगुना कर लगाने से होंठ मुलायम रहते हैं।
उपर्युक्त नुस्खों को अपनाने से आपके होंठ इतने आकर्षक हो जाएंगे कि लोग अनायास उनकी सुंदरता देखकर तरस उठेंगे।

