अज्ञात वाहन तले कुचले जाने पर युवक की दर्दनाक मौत

बठिंडा, सुबह 5:00 बजे बरनाला रोड़ पर चेतक पार्क के समीप सड़क हादसे का शिकार एक युवक सड़क पर पड़ा होने की सूचना मिलने पर समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के वालंटियर जनेश जैन, राकेश जिंदल एम्बुलेंस सहित मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि युवक को कोई बड़ा वाहन कुचल कर फरार हो चुका था। संस्था सदस्यों ने पुलिस को मौके पर बुलाया तथा प्राथमिक कारवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
कुछ देर बाद ही संस्था ने अपने सक्रिय नेटवर्क के जरिए मृतक की पहचान अनमोल कुमार (20) पुत्र अमृत लाल निवासी भुच्चो मंडी के तौर पर करवा ली। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक अनमोल कुछ समय से मानसिक तनाव में रहता था तथा 12 जनवरी की दोपहर बिना कुछ बताये घर से चला गया था जिसकी तलाश परिजनों द्वारा की जा रही थी।
यहां यह जिक्रयोग्य है कि यह हादसा कोई पहला हादसा नहीं है। सैनिक क्षेत्र होने के कारण छोटे वाहनों, दोपहिया वाहनों, मिनी बसों को मेन रोड से गुजरने पर मजबूर किया जाता है क्योंकि सर्विस लेन को कथित तौर पर आम लोगों के इस्तेमाल के लिये बंद किया गया है। सैनिक क्षेत्र में मिनी बसें भी मेन रोड पर ही रूककर यात्रियों को चढ़ाती व उतारती हैं जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

